कानपुर देहात में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 को सफल बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग गोष्ठी का आयोजन किया। इस बैठक में सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और महिला सुरक्षा दल के सदस्यों ने भाग लिया। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा दल को सक्रिय करने पर जोर दिया। जिससे वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रदान कर सकें। इसके साथ ही लैंगिक समानता और हिंसा की रोकथाम के लिए कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया। साइबर हेल्पलाइन की दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह आवश्यक है कि महिलाएं शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, महिला हेल्प डेस्क और कानूनी प्रावधानों के बारे में जानें। इसके अलावा, साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में भी जानकारी दी जानी चाहिए। महिला बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्र में भ्रमण करें। इसका उद्देश्य कम्यूनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देना और महिलाओं को सशक्त बनाना है। मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।