Drishyamindia

कानपुर मेट्रो के चलते घर झुका, अधिकारी सुनते नहीं:दरार की मरम्मत से मदद नहीं; प्रोजेक्ट मैनेजर बोले- लोग चाहते हैं हम घर बनाकर दें

Advertisement

कानपुर का हरबंश मोहाल इलाका। यहां अंडरग्राउंड मेट्रो का निर्माण चल रहा है। 12 अगस्त को अचानक घरों में दरार आई और दो मकान धंस गए। खूब हंगामा हुआ। मेट्रो के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर खाली करवाया। आश्वासन दिया कि इसे तोड़कर बनाया जाएगा। जिन घरों में दरार आईं हैं, उनकी भी मरम्मत करवाई जाएगी। जो लोग प्रभावित हैं उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। अब उस घटना को डेढ़ महीने बीत गए। मौके पर क्या स्थिति है, इसे समझने और देखने दैनिक भास्कर की टीम इसी मोहल्ले में पहुंची। जिनके घर टूटे और जिनके घरों में दरार आई, उनसे मिले। उनकी शिकायतों को सुना। मेट्रो के काम को देखा। अधिकारियों से बात की। जो कुछ निकलकर सामने आया, वह सवाल खड़े करता है। आइए सब कुछ जानते हैं… सुबह दरार आई, शाम को घर की जमीन धंस गई
हरबंश मोहाल में 62/75 चार मंजिला मकान था। इसमें विनोद सिंह और उनका परिवार रहता था। 4 मंजिला इस मकान के पहले फ्लोर पर विनोद के बेटे शंभू नाथ रहते थे। वह तख्त पर लेटे हुए थे। 12 अगस्त को अचानक तेज आवाज के साथ फर्श 20 फिट धंस गई। शंभू तख्त पकड़कर लटक गए। उन्हें किसी तरह से गड्ढे से बाहर निकाला गया। धमाका इतना तेज था कि बगल वाला मकान भी पूरी तरह से छतिग्रस्त हो गया। इस हादसे के बाद हंगामा हो गया। मौके पर मेट्रो के अधिकारी पहुंचे और 5 घरों को सील कर दिया गया। इसमें रहने वाले लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। स्थानीय सपा विधायक अमिताभ वाजपेई भी पहुंचे। हंगामा कर रहे लोगों को समझाया। मेट्रो के अधिकारियों से उचित कार्रवाई करने की बात कही। ऐसा नहीं करने पर नामजद मुकदमा दर्ज करवाने तक की बात कह दी। मेट्रो के अधिकारी उस वक्त अपना पक्ष रखते हुए कहते हैं, यहां 52 फिट नीचे से मेट्रो का टनल गुजरा है। लेकिन इसका काम ढाई महीने पहले ही पूरा हो चुका है, ऐसे में मेट्रो के चलते यह हादसा हुआ ये कहना ठीक नहीं। हालांकि उन्होंने हर स्तर पर मदद और घर बनवाकर देने की बात कही। मेट्रो के अफसरों ने 2 बहाने दिए जमीन धंसने के डेढ़ महीने बाद भी रास्ता बंद दैनिक भास्कर की टीम मौके की स्थिति को जानने फिर से वहां पहुंची। डेढ़ महीने बाद भी उधर का रास्ता बंद पड़ा है। पूरी सड़क खुदी पड़ी है। कई घरों में ताले लगे हुए हैं। जो लोग इसमें रहते थे, वह अब कहीं और रहने लगे हैं। यहीं पास में राकेश कश्यप बैठे मिले। राकेश लगातार मेट्रो के अधिकारियों को फोन करके अपनी शिकायत बता रहे थे। बहुत ही झुंझलाए हुए थे। राकेश बोले – मेरा घर झुक गया, अफसर सुनते नही राकेश कहते हैं- मेट्रो के चलते मेरा मकान डैमेज हो गया है। अब 3-4 इंच एक तरफ झुक गया है। मैंने मार्च 2024 में शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 2 मकान मेरे बगल के गिर गए, तब प्रशासन की नींद खुली। अब मेरा घर भी सील किया गया है। करीब दो महीने हो गए। मेरा धंधा बंद है। मेरे यहां 4-5 लोग काम करते थे, सब बेरोजगार हो गए। रिपेयरिंग सही नहीं, मेरा परिवार होटल या रिश्तेदारों के पास रहने को मजबूर
राकेश से हमने पूछा कि मेट्रो अपने वादे के अनुसार आपके घर की मरम्मत तो करवा रहा न? राकेश हमें अपने घर के अंदर और फिर छत पर ले जाते हैं। कहते हैं- मरम्मत से कैसे ठीक होगा, जब फाउंडेशन ही टूट गया है। घर में लगी ईंट चटक गईं हैं। देखिए जगह-जगह क्रैक हो गया है। ऊपर-ऊपर से क्रीम पाउडर लगा देने से ठीक नहीं होगा न। अगर मेट्रो पैसा न ले, मेट्रो बनाने वाली कंपनी पैसा न ले तो हम भी नहीं लेंगे। पब्लिक का नुकसान करके आप फायदा ले रहे हैं। यह ठीक नहीं है। राकेश के घर के कमरों में बड़ी-बड़ी दरारें हैं। कमरों का प्लास्टर गिरा पड़ा हुआ है। ईंटें चकटी हुई नजर आती हैं। वह हमें रिपेयरिंग में इस्तेमाल हो रही क्वालिटी को दिखाते हुए कहते हैं, इनके रेत और सीमेंट की क्वालिटी अच्छी नहीं है। कुछ कहिए तो ये लोग बिगड़ जाते हैं। कई बार तो काम छोड़कर चल देते हैं। इस रिपेयरिंग के बाद अगर भूकम्प आता है तो यह एक झटके में गिर जाएगा। मेरे परिवार के लोग आज होटल में या फिर किसी रिश्तेदार के घर रहने को मजबूर हैं। सुरेश कहते हैं- लापरवाही बरती इसलिए नुकसान हुआ
इसी मुहल्ले में सुरेश चंद्र वाजपेयी का घर भी प्रभावित हुआ है। वह कहते हैं- मेरा घर तो सामने है, नया बना है इसलिए बहुत दिक्कत नहीं आई है, लेकिन कई हिस्सों में दरार है, इसलिए मेट्रो ने खाली करवा लिया है। मरम्मत कर रही है। मेरे सामने जो गली है, उसमें 6 मकान हैं। सभी पुराने घर हैं, कुछ तो 70-80 साल पुराने। ये सब चूना राखी, ईंट-गारा से बना था, सब दरक गए हैं। इसके पीछे कारण बताते हुए सुरेश चंद्र कहते हैं, मेट्रो के अधिकारियों ने लापरवाही की। कई जगह बगैर ग्राउटिंग के टनल बनाना शुरू किया। सड़क के अंदर ग्राउटिंग के जरिए सैकड़ों बोरी सीमेंट और केमिकल डाला गया। इसका असर यह हुआ कि पानी की लाइन चोक हो गई। अब देखिए पूरी सड़क खोदकर डेढ़ महीने से लाइन ही सही की जा रही है। 12 घरों को खाली करवाया गया
हमें यहीं रमेश, किशन और विनोद गुप्ता मिले। इन लोगों के घर भी प्रभावित हुआ है। रमेश कहते हैं, अब तक 12 घरों को चिह्नित करके खाली करने का आदेश दिया गया है। इसमें मेरा भी घर शामिल है। जबकि घर में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आई है। उनके बगल में मौजूद किशन कहते हैं, हम लोग 13 अगस्त से होटल में हैं, रोज आते हैं और यहां देखकर वापस चले जाते हैं। दुख यह है कि अब सारे त्योहार होटल में मनाने पड़ेंगे। वहां कोई व्यवस्था नहीं होती। शिकायत फरवरी में लेकिन ध्यान नहीं
हरबंश मोहाल के नीचे से कानपुर सेंट्रल से नयानगर की मेट्रो लाइन निर्माण की जा रही। जब टनल का निर्माण शुरू हुआ तभी घरों में दिक्कत आ गई। राकेश कश्यप कागज दिखाते हुए कहते हैं- फरवरी में हमने इस तरफ ध्यान दिलवाया। अधिकारियों से डायरेक्ट बात की। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। जून में मेट्रो की तरफ से निर्माण की बात कही भी गई, लेकिन उस वक्त ध्यान नहीं दिया गया। इस वक्त प्रभावित परिवारों को प्रति व्यक्ति के हिसाब से 400 रुपए मिल रहे हैं। जो कहीं नहीं गए, उन्हें होटल में रखा गया है। जिनके पास पालतू कुत्ते और बिल्ली हैं, उन्हें इनको कहीं और रखने के बारे में कहा जा रहा है। जो लोग प्रभावित हैं, उन सबका एक ही सवाल है कि हमें वापस अपने घर में कब एंट्री मिलेगी। प्रोजेक्ट मैनेजर बोले- लोग चाहते हैं कि घर बनाकर दे मेट्रो
हमने कानपुर मेट्रो के प्रोजेक्ट मैनेजर डीके सिन्हा से बात की। पूछा कि कब तक निर्माण पूरा हो जाएगा। वह कहते हैं- यह हम नहीं बता सकते। इस वक्त सड़क के नीचे जो पानी की लाइन है, उसे सुधारा जा रहा। बारिश के चलते दिक्कत हो रही है। हमारी बड़ी टीम लगी हुई है। लोगों द्वारा रिपेयरिंग क्वालिटी को को लेकर उठाए गए सवाल को हमने डीके सिन्हा से पूछा। वह कहते हैं- इस इलाके में जो घर हैं, वह बहुत पुराने बने हैं। 2 घर गिर गए। इसमें भी मेट्रो के चलते गिरे यह कहना बहुत उचित नहीं, क्योंकि काम तो ढाई महीने पहले पूरा हो चुका है। अब गिर गया तो उसका निर्माण मेट्रो करवा रही है। सिन्हा आगे कहते हैं- आसपास के लोगों की एक्सपेक्टेशन बढ़ गई हैं। उन्हें लगता है कि उनका घर गिराकर फिर से बनाया जाए। लेकिन यह संभव नहीं है। क्वालिटी से कोई समझौता नहीं होता। यहां जितना सीमेंट और बालू तय है उतना ही प्रयोग हो रहा है। हम खुद लोगों के बीच जाते हैं, 5-5 घंटा रहते हैं और सबकी बातों को सुनते हैं। यह भी पढ़ें : कानपुर में मकान की छत गिरी:2 महीने पहले हरबंश मोहाल में ढह गए थे दो मकान; 4 दिनों में 4 मकानों की गिर चुकी है छत कानपुर में शुक्रवार शाम को हरबंश मोहाल क्षेत्र में 2 महीने बाद एक और मकान की छत ढह गई। आसपास के अन्य मकानों के फिर से ढहने का खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय पार्षद के मुताबिक बीते 4 दिनों में 4 मकानों की छत ढह गई है। पढ़िए पूरी खबर..

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

मध्य प्रदेश न्यूज़

यह भी पढ़े