गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र में एक महिला और उसके चाचा को गिरफ्तार किया गया है। दरअसल महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि जब वह और उसका 6 महीने का बच्चा घर पर था, तब बदमाशों ने चाकू की नोंक पर उसको बंधक बनाकर घर में रखे जेवरात लूट लिए। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि महिला ने अपने चाचा के साथ लूट की साजिश रची थी। जिससे वह जेवरातों को कब्जा सके। यह सारे जेवर महिला की ननद के थे। जो अस्पताल में भर्ती थी। डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि थाना मसूरी को 8 अक्टूबर को गांव नाहल से एक सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक गांव में एक महिला और उसके छोटे बच्चे को चाकू से धमका कर जेवरात लूट लिए गए हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया और टीमें बनाकर इसकी जांच शुरू हुई। जांच में सामने आया कि महिला मुस्कान जिसने इस लूट की सूचना दी थी। उसने ही अपने चाचा साजिद के साथ मिलकर इस लूट को अंजाम दिया था। दरअसल मुस्कान की ननद नजमा बीमार थी। जो अपने मायके इलाज के लिए आई थी। इलाज के दौरान नजमा ने अपने 13 जेवर और एक मोबाइल फोन अपनी भाभी को घर पर संभाल के रखने के लिए दिए थे। नजमा की भाभी मुस्कान यह सभी सामान हड़पना चाहती थी। इसीलिए उसने अपने चाचा साजिद के साथ मिलकर यह साजिश रची। साजिद उस समय घर आया, जब मुस्कान और उसका 6 महीने का बेटा घर पर थे। उसने मुस्कान को दुपट्टे से बांधकर सारा सामान निकाल लिया और चला गया। पुलिस ने साजिद और मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनके कब्जे से 13 जेवरात और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
