चॉकलेट दिलाने के बहाने स्कूटी सवार युवक ने दो बच्चों को अगवा करने की कोशिश की। गनीमत रही कि एक परिचित महिला ने बच्चों को टोक दिया। इस पर खुद को फंसता देख स्कूटर सवार भाग खड़ा हुआ। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना शनिवार रात लगभग आठ बजे की है। थाना हरीपर्वत अंतर्गत सुल्तानगंज पुलिया इकबाल अली का 8 वर्षीय बेटा फैजल मां रुखसाना से रुपए लेकर घर के पास स्थित दुकान से टॉफी लेने गया था। उसके साथ पड़ोस में रहने वाला बच्चा आसिफ भी था। व हीं, दोनों बच्चों को स्कूटी सवार एक युवक मिला। उसने चॉकलेट का लालच दिया और दोनों बच्चों को अपने स्कूटी पर बैठा लिया। वह बच्चों को घर से लगभग एक किमी दूर गांधी नगर तक ले गया। वहां फास्ट फूड की एक दुकान पर परिचित युवती बैठी थी। उसने फैजल को टोक दिया। फैजल ने चॉकलेट लेने जाने के बारे में बताया। उसने कहा कि अंकल उसे चॉकलेट दिलाने जा रहे हैं। खुद को फंसता देख स्कूटी सवार दोनों बच्चों को वहीं पर उतारकर भाग गया। इसके बाद दोनों बच्चे पैदल घर पहुंच गए। परिजनों को जब उन्होंने इस घटनाक्रम के बारे में बताया तो वह घबरा गए। वे विजय नगर पुलिस चौकी पहुंचे। वहां उन्होंने घटना की जानकारी दी। पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत आलोककुमार सिंह ने बताया कि स्कूटर सवार का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
