लखनऊ में शनिवार-रविवार की देर रात KGMU में रेजीडेंट डॉक्टर वैभव अग्रवाल की कार की टक्कर से दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों की अर्थी जब साथ उठी तो सबकी आंखे नम हो गई। हर तरफ बस यही चर्चा थी कि हर जगह दोनों साथ में जाते थे। वहीं, परिजन बस न्याय की बात कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जन्मदिन के एक दिन पहले गई जान
निशातगंज की गली नंबर-6 में रहने वाले पार्थ शुक्ला (20) पुत्र स्व. अमित शुक्ला का 7 अक्टूबर को जन्मदिन था। परिवार वाले बेटे के 21वें जन्मदिन की तैयारी में लगे थे, लेकिन जन्मदिन के एक दिन पहले रोड एक्सीडेंट में उसकी जान चली गई। परिवार में मां दुर्गेश देवी और बहन अनन्या का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बाबा खुद को किसी तरह संभाल रहे हैं। 12 साल पहले बेटे को खोया अब पोते को भी खोने की दुख उनके चेहरे पर दिखता है। इकलौते लड़के पर पूरा घर निर्भर था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ दिया। घर का खर्च पार्थ के बाबा किराए के पैसों से चला रहे हैं। इलाके के सभी लोग पार्थ को याद करके बस यही कह रहे थे कि काफी मिलनसार था। 100 से ज्यादा लोगों की जिंदगी बचाई लेकिन खुद हार गया
ओल्ड हैदराबाद का रहने वाला प्रेम निषाद (22) पुत्र शंकर लाल निषाद गोताखोर था। खांटू श्याम मंदिर के पास गोमती नदी में नाव चलाता था। बहन शिवानी ने बताया कि प्रेम में गोमती नदी में छलांग लगाने वाले करीब 100 से ज्यादा लोगों की जान उसने बचाई थी। घर खर्च के लिए काम में मां का भी हाथ बंटाता था। रविवार को भी जागरण में प्रसाद की दुकान लगी थी। उसी का सामान लेने के लिए निकला था, लेकिन हादसे का शिकार हो गया। टक्कर मारने वाले पैसे वाले हैं, वो जान लेने के बाद भी बच जाएंगे। अब बस भाई को इंसाफ मिल जाए। आधे घंटे तक वहीं पड़े तड़पते रहे दोनों
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद अगर समय से अस्पताल पहुंच जाते तो शायद जान बच जाती। हादसे के बाद कार सवार उतरकर भाग निकले। किसी को सूचना भी नहीं दी। ऐसे में राहगीरों ने देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। लेकिन ज्यादा खून बह जाने की वजह से जान चली गई। चश्मदीद उत्तरायणी मेला परिसर के गार्ड रफीक ने बताया कि एक युवक तो गाड़ी में फंसकर तड़प रहा था। जबकि एक टक्कर की वजह से 10 मीटर दूर पड़ा था। लोग खड़े होकर वीडियो बना रहे थे। क्या थी घटना
निशातगंज में रहने वाले प्रेम और पार्थ शनिवार देर रात बाइक से प्रसाद का सामान लेने के लिए हनुमान सेतु की ओर जा रहे थे। नटबीर बाबा मंदिर के सामने पहुंचे थे, तभी तेज रफ्तार टाटा जेस्ट यूपी 54 यू 0269 ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास की लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
