नेहरू एन्क्लेव नागरिक सेवा समिति का गठन रविवार को शिव मंदिर पार्क में किया गया। इसमें सर्वसम्मति से डॉक्टर अंजू वार्ष्णेय को अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में सचिव डाॅक्टर शशिन गुप्ता, कोषाध्यक्ष पद के लिए कमलेश कुमार राजपूत का चयन किया गया।इनके अलावा प्रबंध समिति के सदस्यों में राजेश कुमार राजू, सुरेश अग्रवाल, जितेन्द्र सिंह चौहान, अतुल कुमार, नेहित अरोड़ा नामित किए गए। बैठक में अध्यक्ष डॉक्टर अंजू वार्ष्णेय ने समिति के उद्देश्य और आगामी कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य लक्ष्य समाज सेवा और नेहरू एन्क्लेव के नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है। अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने सभी का आभार जताया। सचिव डाॅक्टर शशिन गुप्ता ने सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया और नवनिर्वाचित प्रबंध समिति के सदस्यों से अपेक्षाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि समिति सभी सदस्यों की भागीदारी से ही सफल हो सकती है। कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार राजपूत ने समिति के वित्तीय मामलों पर ध्यान देने का आश्वासन दिया और सदस्यों से योगदान की अपेक्षा की। बैठक के दौरान सदस्यों ने कॉलोनी में ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की। इनमें सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के अलावा साफ-सफाई शामिल था। इस दौरान सभी ने अपनी सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया और समिति की सफलता के लिए सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित प्रबंध समिति का जोरदार स्वागत किया और उनके कार्यों के प्रति समर्थन व्यक्त किया। बैठक का समापन समिति के सभी सदस्यों के एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ। इसमें नागरिक सेवा समिति के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
