बहराइच के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग में रविवार को खेत से लौट रहे दो किशोरों पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। शोर सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तेंदुए को भगाकर दोनों किशोरों की जान बचाई। घायल किशोरों का प्राथमिक उपचार किया गया है। जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली रेंज में स्थित चफरिया ग्राम पंचायत के नया पुरवा गांव के निवासी 12 वर्षीय शादाब पुत्र मुबारक और अयान पुत्र युनुस रविवार की दोपहर खेत से साइकिल पर लौट रहे थे। अचानक एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उनकी चीखें सुनकर आसपास काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और शोर मचाते हुए तेंदुए को भगाने में जुट गए। ग्रामीणों की इस तत्परता के कारण तेंदुआ दोनों किशोरों को छोड़कर खेत में भाग गया। हमले में घायल दोनों किशोरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया और बाद में उन्हें घर भेज दिया गया। ग्रामीणों के समय पर पहुंचने से दोनों बच्चों की जान बच गई स्थानीय ग्राम प्रधान ने कहा कि ग्रामीणों के समय पर पहुंचने से दोनों बच्चों की जान बच गई। उन्होंने यह भी बताया कि इस क्षेत्र में तेंदुए अक्सर मवेशियों को उठाकर ले जाते हैं, जिससे गांव के लोग काफी चिंतित हैं। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है, ताकि इस तरह के हमले रोके जा सकें। इस घटना ने क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है, और स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा के लिए त्वरित कदम उठाने की आवश्यकता महसूस की है।