कर्मचारी परिषद ने महाष्टमी एवं महानवमी व्रत के अवसर पर अवकाश घोषित किए जाने पर आभार जताया है। शारदीय नवरात्र में अधिकतर कर्मचारी नौ दिनों का व्रत रहकर देवी के नव रूपों की उपासना करते हैं। हिंदू सनातनियों के लिए महाष्टमी एवं महानवमी का व्रत अधिक महत्वपूर्ण है। इसी दिन नवमी का हवन किया जाता है। शारदीय नवरात्रि सनातन धर्म का बहुत बड़ा त्योहार है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने एक विज्ञप्ति में अवगत कराया है कि 2024 के अवकाश के कैलेंडर में महाष्टमी व महानवमी के लिए कोई अवकाश घोषित नहीं था। नवरात्रि का व्रत रखने वाले व्रती साधकों को परेशानी होती थी। कर्मचारी महाष्टमी व महानवमी पर काफी दिनों से अवकाश की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अष्टमी व नवमी की छुट्टी घोषित कर कर्मचारियों के प्रति अपनी उदारता दिखाई है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी, महामंत्री अरुणा शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नारायण दुबे, उपाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ चौरसिया, प्रीति पांडे, वीरेंद्र यादव सहित संयुक्त परिषद के दर्जनों पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
