कासगंज में सोमवार को महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर द्वारा दी जा रही निशुल्क सेवाओं की जानकारी ली और वहां उपस्थित पीड़ित महिलाओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रेनू गौड़ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर पाए गए। उन्होंने कर्मियों को निर्देश दिए कि सेंटर की सेवाएं प्रभावी और सुचारू रूप से संचालित हो। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। महिला आयोग की सदस्य ने सेंटर की विभिन्न सेवाओं का निरीक्षण करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार और महिला आयोग का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें सभी आवश्यक सहायता प्रदान करना है।
Post Views: 10