Drishyamindia

मोदी बोले-500 साल बाद रामलला अयोध्या मंदिर में दिवाली मनाएंगे:मेरठ में ESI हॉस्पिटल का PM ने किया वर्चुअली शिलान्यास, सीएम योगी ने भूमि पूजन किया

Advertisement

पीएम मोदी ने कहा- 500 साल बाद ऐसा मौका आया है कि अयोध्या के राम मंदिर में हजारों दीप जलाए जाएंगे। इस बार ऐसी दिवाली होगी, जैसे हमारे राम एक बार फिर अपने घर आए हैं। इस बार ये प्रतीक्षा 14 वर्षों के बाद नहीं, 500 वर्षों बाद पूरी हो रही है। आज पूरा देश धनतेरस और भगवान धनवंतरी की जयंती का पर्व मना रहा है। मैं आप सभी को धनतेरस और भगवान धनवंतरी की जयंती की बधाई देता हूं। इससे पहले प्रधानमंत्री ने मेरठ के कंकरखेड़ा के मार्शल पिच पर बनने वाले 100 बेड के ESI अस्पताल का वर्चुअली शिलान्यास किया। इस अवसर पर सीएम योगी कार्यक्रम में मौजूद थे। सीएम ने हॉस्पिटल का भूमि पूजन किया। मोदी ने कहा- जिस देश के नागरिक जितने स्वस्थ होंगे, उस देश के प्र​गति की गति भी तेज होगी। इस सोच के साथ अपने नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य नीति के 5 स्तंभ तय किए हैं सौभाग्य और स्वास्थ्य का उत्सव
मोदी ने कहा- धनतेरस के दिन सौभाग्य और स्वास्थ्य का ये उत्सव सिर्फ एक संयोग नहीं है। ये भारतीय संस्कृति के जीवनदर्शन का प्रतीक है। ऋषियों ने कहा है कि आरोग्य ही परम भाग्य और परम धन है। कहते ही हैं कि हेल्थ इज वेल्थ। प्राचीन चिंतन आज आयुर्वेद दिवस के रूप में पूरी दुनिया में छा रहा है। हम सबके लिए खुशी की बात है कि आज 150 से ज्यादा देशों में आयुर्वेद दिवस मनाया जा रहा है। ये प्रमाण है, आयुर्वेद को लेकर बढ़ रहे वैश्विक आकर्षण का। ये प्रमाण है, नया भारत अपने प्राचीन अनुभवों से विश्व को कितना कुछ दे सकता है। योगी बोले- दिल्ली एम्स से बात कर गाजियाबाद में एक यूनिट खोलेंगे
योगी ने कहा- आज यूपी में 2 एम्स हैं। मैंने दिल्ली एम्स से आग्रह किया कि हम जमीन देंगे, आप गाजियाबाद में अपनी एक यूनिट बना दीजिए, जिससे गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और बुलंदशहर के लोगों को सुविधा मिल सके। इस पर सहमति बन रही है। योगी ने कहा- देश के अंदर सबसे ज्यादा गरीबों को आवास देने वाला राज्य यूपी बना है। 56 लाख से अधिक लोगों को आवास दिया जा चुका है। ये 2017 से पहले मात्र एक कल्पना थी। 2 करोड़ 62 लाख परिवारों को शौचालय दिया गया। 1.86 करोड़ परिवारों को उज्जवला कनेक्शन फ्री में दिया। राज्य सरकार दिवाली और होली में एक-एक फ्री सिलेंडर दे रही है। बाबा औघड़नाथ की कृपा से मेरठ तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। स्पोर्ट्स आइटम में देश-दुनिया की जरूरतों को मेरठ पूरा कर रहा है। मेजर ध्यानचंद के नाम पर देश का पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मेरठ में बन रही है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी वर्ल्ड क्लास खिलाड़ियों को तलाशने और तराशने का काम करेगी। आज मेरठ एयरस्ट्रिप पर उतरा, मात्र 15 मिनट में यहां पहुंच गया
सीएम ने कहा- डबल इंजन की सरकार में बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मेरठ की एयरस्ट्रिप पर आज मैं उतरा हूं। मैं हिंडन या सहारनपुर, दिल्ली में नहीं उतरा। यहीं उतरकर मात्र 15 मिनट में कंकरखेड़ा पहुंच गया। देश का सबसे बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने जा रहा है। मेरठ के विकास को नई ऊंचाई प्रदान करने के लिए PM के हाथों आज ESI हॉस्पिटल का शिलान्यास हुआ है। 2.85 लाख बीमा कवर कर्मचारियों को लाभ मिलेगा
अस्पताल बनने से मेरठ और आसपास के जिलों के लगभग 2.85 लाख बीमा कवर कामगारों और उनके आश्रितों को चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। उत्तर प्रदेश में 59 जिलों में योजना लागू है। हाल में ही कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने यूपी के नोएडा और वाराणसी में मेडिकल कॉलेज संचालित करने का निर्णय लिया। इसमें इलाज की सुविधा के साथ ही बीमा कवर बच्चों को मेडिकल कॉलेजों में MBBS पढ़ाई के लिए एडमिशन में आरक्षण मिलेगा। 100% फ्री इलाज दिया जाएगा
मंसुख मंडविया ने सोमवार को आयोजन स्थल का जायजा लिया था। उन्होंने कहा- देश के मजदूरों की चिंता हमेशा PM को रही है। इसी उद्देश्य को देखते हुए इस 100 बेड के अस्पताल का शुभारंभ हो रहा। ये 3 लाख लाभार्थियों को प्राइमरी और सेकेंडरी हेल्थ केयर का 100% मुफ्त इलाज देगा। जो यहां के मजदूरों को भी फायदा देगा। अस्पताल में 10 रुपए की कटेगी पर्ची
ESI अस्पताल में बीमा कवर कर्मचारियों को फ्री इलाज की सुविधा मिलेगी। सिर्फ 10 रुपए की काउंटर पर्ची बनवाने के बाद मरीज यहां दिखा सकता है। आम जनता के लिए OPD की व्यवस्था भी रहेगी। बीमा कवर कर्मचारियों के साथ आम जनता को भी इससे लाभ मिलेगा। आजाद अधिकार सेना के नेता हाउस अरेस्ट योगी के आयोजन से पहले आजाद अधिकार सेना के नेता देवेंद्र राणा को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया। आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने वीडियो जारी करते हुए इसका विरोध जताया। अमिताभ ठाकुर ने सोशल मीडिया X पर लिखा- कंकरखेड़ा, मेरठ के 1500 करोड़ सरकारी भूमि घोटाले में देवेंद्र राणा द्वारा सीएम ऑफिस को शिकायत दिए जाने के प्रयासों के क्रम में उन्हें सुबह से पुलिस ने अवैध नजरबंद रखा है। तत्काल छोड़ा जाए। हवाई पट्‌टी से एक तरफ ट्रैफिक डायवर्ट
सुरक्षा के लिहाज से आयोजन में पुलिस, PAC लगाई है। योगी के आने-जाने के समय एक साइड पर 15-15 मिनट के लिए वाहन रोके जाएंगे। CCTV कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही। साथ ही 8 ASP, 15 DSP, 30 इंस्पेक्टर, 200 SI, 500 कॉन्स्टेबल और तीन कंपनी PAC तैनात है। ————————————— यह खबर भी पढ़ें- सीएम योगी ने बच्चों से कहा- ‘चैंपियन बनोगे’:लखनऊ में रन फॉर यूनिटी में दौड़े लोग; सीएम बोले- राष्ट्रीय एकता का महत्व ज्यादा लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्रीडम रन (रन फॉर यूनिटी) का शुभारंभ किया। सीएम ने बच्चों से मुलाकात की। उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। CMS महानगर में पढ़ने वाले छात्र अभिसत्य सिंह से सीएम ने कहा कि आप चैंपियन बनोगे। बच्चे भी सीएम योगी से मिलकर खुश नजर आए। पढ़ें पूरी खबर

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

मध्य प्रदेश न्यूज़

यह भी पढ़े