यूपी की दस विधानसभा सीटों पर उप चुनाव में भाजपा राष्ट्रवाद के मुद्दे पर सपा को घेरेगी। उप चुनाव की घोषणा नजदीक होने के मद्देनजर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी दस सीटों पर अब तक की चुनावी तैयारी के साथ सदस्यता अभियान को तेज करने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित कोर कमेटी की बैठक में सभी दस सीटों पर अब तक हुए चुनावी दौरे और वहां के जमीनी फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तैयार करने पर बात हुई। सूत्रों के मुताबिक उप चुनाव की तारीख की घोषणा 20 अक्टूबर तक हो सकती है। ऐसे में सरकार और भाजपा ने चुनावी कील कांटे दुरुस्त करने पर भी बात की। बैठक में संभावित प्रत्याशी के पैनल तैयार करने और दूसरे चरण की चुनावी रणनीति पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक सपा के पीडीए के खिलाफ राष्ट्रवाद से जुड़े मुद्दों को ही बढ़ावा देने पर बात हुई। महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सदस्यता अभियान में अब तक यूपी में एक करोड़ 70 लाख से अधिक सदस्य बनने की जानकारी दी। 15 अक्टूबर तक दो करोड़ से अधिक सदस्य बनाने के लिए लक्ष्य बनाने के लिए भी चर्चा हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद थे। राजनीतिक नियुक्तियों पर हुआ मंथन भाजपा सूत्रों के मुताबिक कोर कमेटी की बैठक में विभिन्न आयोग, निगम और बोर्ड में राजनीतिक नियुक्तियों पर भी चर्चा हुई। नगरीय निकायों में मनोनीत कोटे की सीटों पर पार्षद और सभासदों का मनोनयन भी होना है।
