टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन नवल टाटा का 86 साल की उम्र में निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। रतन टाटा के निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। हर किसी ने अपनी संवेदना प्रकट की। उनसे जुड़ी यादों को साझा किया। CM योगी आदित्यनाथ ने रतन टाटा के निधन पर शोक जताते हुए कहा- भारत के प्रख्यात उद्योगपति, ‘पद्म विभूषण’ रतन टाटा का निधन अत्यंत दुःखद है। वह भारतीय उद्योग जगत के महानायक थे। उनका जाना उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका सम्पूर्ण जीवन देश के औद्योगिक और सामाजिक विकास को समर्पित था। वे सच्चे अर्थों में देश के रत्न थे। रतन टाटा की यूपी से जुड़ी कई यादें हैं। वाराणसी में कैंसर अस्पताल का उद्घाटन हो या अगरा में ताजमहल का दीदार। रतन टाटा कब-कब यूपी आए, उनसे जुड़ी क्या कुछ यादें हैं, चलिए जानते हैं… ‘UP ने मेरा दिल जीत लिया है…’ रतन टाटा ने कई बार यूपी को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की। 22 दिसंबर 2015 को उन्होंने कहा था- ‘उत्तर प्रदेश ने मेरा दिल जीत लिया है। यह प्रदेश क्षमताओं से लैस है। इसके विकास में मदद का संकल्प ले चुका हूं। इस राज्य को पूरी क्षमता के साथ विकसित किया जाना चाहिए क्योंकि यह बहुत बड़ा और इंपोर्टेंट स्टेट है, जिसे कमतर आंका गया।’ यूपी सरकार और टाटा ट्रस्ट के बीच करार होना था। मंच पर तब के सीएम अखिलेश यादव मौजूद थे। तीन मिनट के भाषण के अंत में रतन टाटा भावुक हो गए। उन्होंने कहा- मैं यूपी को अपना दिल देकर जा रहा हूं। उनका यह इतना कहते ही, लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। लखनऊ में खोली टाटा टेल्को रतन टाटा के नेतृत्व में लखनऊ के चिनहट में टाटा टेल्को (अब टाटा मोटर्स) फैक्ट्री स्थापित की गई। 1984 में फैक्ट्री की नींव रखी गई। फैक्ट्री यूपी के औद्योगिक विकास का मील का पत्थर साबित हुई। 90 के दशक में शुरू हुई यह परियोजना 850 एकड़ जमीन पर फैली है। इस संयंत्र ने न केवल रोजगार सृजन में योगदान दिया, बल्कि क्षेत्रीय और राज्य स्तरीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया। जिन्होंने सिखाया कैसे उसूलों के साथ कारोबार किया जाता है, अपने लाभ को कल्याण के लिए लगाया जाता है, ऐसे महान रतन टाटा जी का जाना इतिहास के एक पन्ने का पलट जाना है। भावभीनी श्रद्धांजलि! -अखिलेश यादव, सपा सुप्रीमो ताजमहल मेरे दिल में बसता है रतन टाटा ने अपनी जिंदगी में मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार किया। वह आखिरी बार 1 सितंबर 2013 को आगरा आए। उनके साथ मैक्सिकन दोस्त उद्योगपति इमिलियो डियाज बारसो मौजूद थे। दोनों ने ताजमहल को देखा। करीब 45 मिनट तक रतन टाटा ताज की खूबसूरती देखते रहे। डायना बेंच पर बैठकर फोटो क्लिक करवाई। विजिटर बुक में रतन टाटा ने लिखा- ताजमहल मेरे दिल में है। यह बहुत खूबसूरत है। वाह, ताज… वाराणसी में खुलावाया देश के दूसरा टाटा कैंसर अस्पताल रतन टाटा ने मुंबई में टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल के बाद दूसरा अस्पताल वाराणसी में खुलवाया। 5 साल पहले 19 फरवरी 2019 को वह पहली बार काशी आए। उनके साथ PM नरेंद्र मोदी और CM योगी मौजूद रहे। BHU कैंपस में बने अस्पताल का पीएम मोदी ने उद्घाटन किया। यह अस्पताल टाटा ग्रुप संचालित करता है, जिसका नाम महामना होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल, महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर सेंटर है। लखनऊ को IT हब बनाने का सपना देखा, TCS खुलवाई रतन टाटा ने राजधानी लखनऊ विजिट के दौरान इसे आईटी हब बनाने का सपना देखा। यहां उन्होंने गोमती नगर में TCS की एक यूनिट भी खुलवाई। इस यूनिट में आज 1000+ इंप्लाई काम कर रहे हैं। राज्य के हर जिले में टाटा मोटर्स के शोरूम हैं। रतन टाटा के निधन के बाद सभी जगह शोक की लहर है।
