बांका के शंभूगंज प्रखंड अंतर्गत तांत्रिक शक्ति सिद्ध पीठ के नाम से प्रसिद्ध तिलडिहा दुर्गा मंदिर में महा अष्टमी के दिन डलिया चढ़ाने और दर्शन करने के लिए एक लाख से भी अधिक श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही यहां पर करीब 4 किलोमीटर लंबी लाइन हो गई थी। विधि व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन की ओर से पूरे इंतजाम किए गए है। इसके पहले बुधवार की मध्यरात्रि में निशा पूजा के साथ ही आम श्रद्धालुओं के लिए मां का पट खोल दिया गया। रात के दो बजे से ही देवी के दर्शन के लिए लोग पहुंचने लगे थे। सूर्योदय होते ही डलिया चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की लंबी लाइन हो गई। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस कर्मी ने कहा कि अस्थाई स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है। प्रशासनिक पदाधिकारी से लेकर कई राजनीतिक दल के नेता भी माथा टेकने तिलडीहा पहुंचे। इसके अलावा बांका, मुंगेर, भागलपुर, गोड्डा, दुमका, देवघर, पटना सहित अन्य जिले से भी श्रद्धालु पहुंचे। महा अष्टमी पर पाठा बलि के लिए सुबह से ही श्रद्धालु नंबर लगाने लगे है। कतार में पुरूष के अलावा कई महिला श्रद्धालु भी बकरे के साथ जगह पर बैठी है। इसके बाद नवमी के दिन पाठा बलि दिया जाएगा। तिलडीहा में अन्य साल की तुलना में इस बार की सुरक्षा व्यवस्था काफी बेहतर है।
