पावापुरी में 30 और 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले पावापुरी महोत्सव 2024 की तैयारियां जोरों पर हैं। नालंदा के उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान के पास स्थित मैदान में होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव में विभिन्न सरकारी विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। स्वास्थ्य विभाग से लेकर जीविका, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास अभिकरण, आईसीडीएस, मद्य निषेध, कृषि एवं पंचायती राज विभाग अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से जन-जागरूकता का प्रसार करेंगे। श्रीकांत खांडेकर ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। महोत्सव स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता, और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने मैदान की लाइटिंग व्यवस्था और रंग-रोगन कार्यों को समय पर पूरा करने का भी निर्देश दिया। कार्यक्रम के पहले दिन की शाम आस्था जैन भक्ति गायन से शुरू होगी। इसके बाद कला संग्रह केंद्र और संत बाबा संगीत संस्थान के कलाकारों की प्रस्तुति होंगी। रात 8 बजे से प्रसिद्ध गायिका कविता पौडवाल अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगी। महोत्सव के दूसरे दिन सुबह 10 बजे से लोकप्रिय गायक प्रसून पाठक का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। पावापुरी जी सिद्ध क्षेत्र दिगंबर जैन समाज की सक्रिय भागीदारी से यह महोत्सव धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का एक अनूठा संगम बनने जा रहा है। प्रशासन द्वारा महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी व्यवस्था की गई है।
