गया के महकार थाना में दर्ज कई मामलों का आरोपी कुंदन कुमार सोमवार को कोर्ट परिसर से फरार हो गया। कुंदन पर मारपीट, हत्या के प्रयास और लूट के आरोप थे, जिसके तहत उसके खिलाफ 11 नवंबर 2023 को केस दर्ज हुआ था। केस में तीन लोग नामजद थे, जिनमें से कुंदन भी एक था। कुछ समय पहले कुंदन ने पुलिस के सामने सरेंडर किया था। सोमवार को उसकी बेल अर्जी पर सिविल जज सीनियर डिवीजन 1 की कोर्ट में सुनवाई होनी थी। इससे पहले सेशन कोर्ट में सुनवाई के दौरान उसकी बेल अर्जी खारिज कर दी गई। सोमवार को उसकी बेल अर्जी पर सिविल जज सीनियर डिवीजन 1 के कोर्ट में सुनवाई होनी थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उसे जेल भेजने का आदेश भी दे दिया, लेकिन कस्टडी में लेने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि कुंदन मौका देखकर धीरे-धीरे कोर्ट रूम से भाग गया। किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह मौके से फरार हो गया। कोर्ट से भागने के बाद परिसर में हडकंप मच गया। उसकी छानबीन की गई पर कहीं कुछ पता नहीं चल सका। घटना के बाद कोर्ट के पेशकार दीपक ऋतुराज ने बताया कि कुंदन के फरार होने की जानकारी तुरंत सिविल लाइंस थाना को दे दी गई है। पुलिस ने पूरे इलाके में तलाशी शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। कुंदन के फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। कोर्ट परिसर जैसी सुरक्षित जगह से इस तरह एक आरोपी का फरार होना प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है। अब पुलिस के सामने कुंदन की गिरफ्तारी एक बड़ी चुनौती बन चुकी है।
