बाढ़ अनुमंडल के NTPC प्लांट के अंदर पेटी कांन्ट्रेक्टर दुशान कंपनी में कार्यरत सैंकड़ो कर्मचारियों ने लेबर गेट पर धरना दिया। कर्मचारियों का कहना है कि दुशान कंपनी के 40 कर्मचारियों काे काम से निकाल दिया गया है। इसके बावजूद उनके अकाउंट में आज तक पेमेंट नहीं भेजा गया है। दूशान कंपनी के सैकड़ो कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर लेबर गेट पर खड़ा होकर प्रदर्शन किया। गेट पास होने के बावजूद कर्मचारियों को रोका NTPC में कार्यरत दुशान कंपनी के कर्मचारियों ने कहा कि गेट पास होने के बावजूद उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया है। 40 कर्मचारियों का फाइनल हिसाब कर दिया गया है और उन्हें काम से निकाल दिया गया है। इसको लेकर कंपनी में काम कर रहे सभी कर्मचारी एकजुट होकर प्रदर्शन करने लगे और निकाले गए कर्मचारियों काे पेमेंट करने की मांग की। उनमें से एक कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि उसे मृत घोषित कर कई महीनों से उसका वेतन रोक दिया गया है। लगभग डेढ़ साल से पीएफ का पैसा भी नहीं निकाल पा रहा है और दफ्तर का चक्कर लगाते-लगाते थक चुका है। वहीं कई कर्मचारी 12-12 घंटे तक काम कराने को लेकर भी शिकायत करते नजर आए। बातचीत से समस्या का समाधान हो सकता है NTPC अधिकारी का कहना है कि कर्मचारियों का हिसाब श्रम कानून के नियमों के तहत कर दिया गया है। इसके बावजूद कर्मचारी हंगामा कर रहे हैं। मैनेजमेंट उनके साथ बात करने के लिए तैयार है। अगर वो शांतिपूर्ण तरीके से आते हैं तो बातचीत से समस्या का समाधान हो सकता है।
