बांका के 113 पैक्सों के अध्यक्ष और प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव अगले महीना होना है। जिसकी तैयारी प्रशासनिक स्तर पर जोर-शोर से चल रही है। मतदाता सूची में नए वोटरों को जोड़ने की समय सीमा तीन अक्टूबर को खत्म हो चुकी है। अब मतदाता सूची की जांच हो रही है। जिन मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ा गया है, उन सब के जरूरी कागजात की जांच हो रही है। जांच के बाद नौ अक्टूबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन होगा। पहले से जिले के एक लाख 35 हजार किसान विभिन्न पैक्सों के सदस्य हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में नए सदस्यों को जोड़ा गया है। जिला साक्षरता प्राधिकारी जैनुल आब्दीन अंसारी ने बताया कि मतदाता सूची की जांच की जा रही है। कुछ जगहों से नाम नहीं जोड़ने की शिकायत मिल रही है। ऐसे मामलों को भी देखा जा रहा है। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन नौ अक्टूबर को होगा। अभी मुख्य रूप से मतदाता सूची में जोड़े गए नए नामों की जांच चल रही है। इस बार आनलाइन और आफलाइन दोनों माध्यम से नए सदस्य जोड़े गए हैं। बताया कि कुछ जगहों से इस तरह की शिकायत आ रही है कि आनलाइन माध्यम से आवेदन करने के बाद सदस्यता शुल्क और शेयर मनी तक बैंक में जमा कर कर दी गई है। लेकिन उनके नाम को वोटर लिस्ट में नहीं जोड़ा गया है। इस तरह की शिकायतों की भी जांच की जा रही है। पैक्स के अध्यक्ष पद पर सामान्य कैटेगरी के उम्मीदवार चुनाव लड़ सकते हैं। इसके अलावा कार्यकारिणी समिति में सामान्य वर्ग से पांच, अति पिछड़ा वर्ग अनुसूचित जाति में सभी कोटि से एक महिला और एक पुरुष कार्यकारिणी के सदस्य होंगे। डीसीओ ने कहा कि इस तरह के मामलों में सबसे पहले पैक्स के लागिन की जांच की जा रही है। अगर तीन अक्टूबर तक नए सदस्य का शेयर मनी और सदस्यता शुल्क जमा हो गया है तो उसके नाम को वोटर लिस्ट में जोड़ा जा रहा है।
