सहरसा के महिषी प्रखंड में सवा लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। ऐसे में जिला प्रशासन ने बाढ़ पीड़ितों के बीच सूखा राशन देने के लिए पंचायत में राहत सामग्री को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। महिषी प्रखंड के तेलवा पंचायत में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री नहीं मिल रहा है। ऐसे में गुरुवार को दर्जनों बाढ़ पीड़ित जिलाधिकारी के आवास पर पहुंच कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। जिलाधिकारी से राहत सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग के साथ सभी मिलने पहुंचे थे। बाढ़ पीड़ित माधुरी राम, तैती देवी, सहजी देवी, सबों देवी, कविता, प्रमिला देवी गायत्री देवी, जयमाला देवी समेत अन्य ने बताया कि बीते 30 सितंबर को पश्चिमी कोसी तटबंध टूट जाने के कारण बाढ़ का पानी इलाके में फैल गया। इसके कारण सभी का घर पानी में डूब गया। इसके बाद सभी कोसी बांध पर शरण लेने के लिए पहुंचे। सरकार की ओर से सूखा राशन वार्ड सदस्य को मुहैया कराया गया। वार्ड सदस्य अमेरिका देवी ने बाढ़ राहत सामग्री अपने घर पर रख लिया है। उनका कहना है कि मन होगा तो दिया जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी को फोन पर सूचना दिया गया है कि जल्द ही उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद एक किलो चावल और एक किलो चूरा देकर खानापूर्ति की गई।
