कांग्रेस नेता राहुल गांधी 18 जनवरी को पटना के ऐतिहासिक सदाकत आश्रम का दौरा करेंगे। यह जानकारी गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजेंद्र आश्रम में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पार्टी के सचेतक और पर्यवेक्षक राजेश राम ने दी। राजेश राम ने बताया कि राहुल गांधी की विशेष इच्छा है कि वे पटना में आयोजित होने वाले संविधान सुरक्षा सम्मेलन से पहले कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करें। इसी उद्देश्य से उन्होंने सदाकत आश्रम में कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताने का निर्णय लिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की यह यात्रा विशेष महत्व रखती है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने सभी जिलों के कार्यकर्ताओं को इस अवसर पर उपस्थित रहने का आमंत्रण दिया है। वाहन पटना के लिए होंगे रवाना कार्यकर्ताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए, जिला कांग्रेस नालंदा ने उन कार्यकर्ताओं के लिए परिवहन की व्यवस्था की है, जिनके पास अपने वाहन नहीं हैं। राजगीर के पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार और जिला अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि बिहार शरीफ के जिला कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र आश्रम से कई वाहन पटना के लिए रवाना होंगे। प्रेस वार्ता में जिले के विभिन्न प्रखंड अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, मोर्चा संगठनों के प्रमुख और महानगर अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में, जिला अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार और दिलीप कुमार ने पर्यवेक्षक राजेश राम का शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब देश में संविधान की सुरक्षा को लेकर गंभीर चर्चाएं हो रही हैं। राहुल गांधी की यह यात्रा न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि राज्य की राजनीति में भी अहम मानी जा रही है।
