बेतिया में 11 किलो 300 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार तस्कर थाने से फरार हो गया है। घटना जिले के कालीबाग थाने की है। बताया जाता कि कालीबाग पुलिस ने सुप्रिया रोड से गांजा के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया था। सोमवार को उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार सिरिसिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव निवासी विवेक कुमार सिंह को कालीबाग थाने की पुलिस ने सोमवार सुबह नगर के सुप्रिया सिनेमा रोड से 11 किलो 300 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। सदर एसडीओ-वन विवेक दीप ने गिरफ्तार तस्कर के फोटो के साथ प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी सूचना दी थी। हालांकि गिरफ्तार किए गए तस्कर को जेल भेजने की तैयारी थाने में की जा रही थी। इसी दौरान मौका देखकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन ने बताया कि गांजा के साथ गिरफ्तार तस्कर फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पता लगाया जा रहा है कि कैसे तस्कर पुलिस गिरफ्त से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
