इंदौर में नवंबर महीने के अंतिम सप्ताह (25 से 29 नवंबर 2024) में यूरेशियन ग्रुप प्लेनरी एंड वर्किंग ग्रुप्स की बैठक प्रस्तावित है। इसमें विभिन्न देशों के लगभग 150 डेलीगेट्स शामिल होंगे। इनके साथ ही भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश के मंत्रीगण भी मौजूद रहेंगे। इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में गुरुवार को बैठक हुई। जिसमें भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के संचालक स्मारक स्वैन वर्चुअली शामिल हुए। बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह और नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में स्मारक स्वैन आयोजन के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर आशीष सिंह ने इंदौर में की जा रही तैयारियों के बारे में बताया। कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि इस आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी की जाएंगी। आशीष सिंह ने तैयारियों से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को दायित्व भी सौंपे। उन्होंने निर्देश दिए की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। आयोजन में किसी भी तरह की कोर कसर नहीं रखी जाए। यह आयोजन इंदौर नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। बताया गया कि आयोजन के दौरान एयरपोर्ट पर अतिथियों का स्वागत परंपरागत रूप से किया जाएगा। उनके सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। स्वागत कक्ष भी बनाया जाएगा। बैठक में अतिथियों के ठहरने के लिए होटल की व्यवस्थाओं के संबंध में भी चर्चा की गई। निर्देश दिए गए की होटल में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था भी रखी जाए। सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की गई। अतिथियों के परिवहन आदि के बारे में भी निर्देशित किया गया। बताया गया कि आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।
