नरसिंहपुर जिले के रिपटापार में इस वर्ष दुर्गोत्सव के दौरान जय हनुमान दुर्गा मंडल द्वारा स्थापित माता की प्रतिमा की झांकी को 51 लाख रुपए के नोटों से सजाया गया है। भक्तों में इस भव्य झांकी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। सजावट में 20 रुपए से लेकर 500 रुपए तक के नोटों का प्रयोग किया गया है। जिससे यह झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंडल के सदस्यों का कहना है कि इस साल की झांकी पिछले सभी वर्षों की तुलना में अधिक भव्य और आकर्षक है। जो न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन चुकी है। सिंहपुर चौराहे से होकर जाने वाली इस सड़क पर हर साल की तरह इस बार भी ओवरब्रिज के नीचे मंडल ने एक भव्य पंडाल का निर्माण किया है। जहां श्रद्धालु माता-रानी के दर्शन कर सकते हैं। सुरक्षा के विशेष इंतजाम 51 लाख के नोटों की सजावट को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे पंडाल क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं ताकि प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही मंडल के 40 सदस्य सुरक्षा के लिए हर समय पंडाल में तैनात रहेंगे। प्रमुख स्थानों पर विशेष सदस्य और माता रानी के सेवक पंडा भी उपस्थित रहेंगे। लगभग 20 फीट की दूरी से भक्तों को दर्शन की अनुमति दी गई है ताकि सुरक्षा का ध्यान रखा जा सके। इस विशेष व्यवस्था के चलते पूरे शहर में दुर्गोत्सव को लेकर एक विशेष उत्साह का माहौल है और मंडल का मानना है। इस वर्ष की झांकी से शहर का नाम और भी ऊंचा होगा।
