चित्रकूट के रामनगर ब्लॉक स्थित बल्हौर ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में जेठानी-देवरानी के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिला। शुक्रवार को हुई मतगणना में जेठानी ममता देवी ने देवरानी आशा को 8 वोटों के अंतर से हराया। उप निर्वाचन अधिकारी उमेश चंद्र निगम के अनुसार यह सीट अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। 19 फरवरी को हुए मतदान में कुल 1320 मतदाताओं में से केवल 522 ने ही वोट डाला। 21 फरवरी को रामनगर ब्लॉक परिसर में हुई मतगणना में ममता देवी को 259 और आशा को 251 वोट मिले। 12 वोट अवैध पाए गए। इसके अलावा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सदस्य पदों के लिए भी चुनाव कराए गए। इनमें सदर ब्लॉक की दहिनी, शिवरामपुर और बराछ, पहाड़ी ब्लॉक की पहाड़ी बुजुर्ग और बालापुर खालसा तथा मानिकपुर ब्लॉक के अरवारा, रामपुर तरौहा, चंद्रामारा और कोठिलिहाई शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
