बरेली के बहेड़ी में नैनीताल रोड फोरलेन हाईवे के किनारे बने बेशकीमती मकान पर कब्जा करने की नीयत से दबंगों ने दो बुल्डोजर चलवा कर मकान तोड़ दिया। जिस वक्त भूमाफियाओं ने मकान पर बुल्डोजर चलाया उस वक्त उसमें लोग सो रहे थे। वही पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही दबंग मौके से फरार हो गए। भूमाफिया जबरन करना चाहते है कब्जा अफरोज बेगम ने बताया कि बहेड़ी थाना क्षेत्र में नैनीताल रोड पर उनका बेशकीमती मकान है। जिस पर भूमाफियाओं की नजर है। भूमाफिया उस पर जबरन कब्जा करना चाहते है। वो पहले भी कई बार धमकी दे चुके है। गुरुवार रात को भूमाफिया दो बुल्डोजर लेकर आए। उनके साथ में करीब 30-40 लोग थे जो हाथों में अवैध असलाह, लाठी डंडे और लोहे की रॉड लिए हुए थे। जब बुल्डोजर चला तो मकान में सो रहे 4 लोग घायल हो गए। हम लोग बाहर निकलकर आए और विरोध किया तो उन लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस को दी सूचना, मौके पर पहुंचे सीओ पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर बहेड़ी थाना की पुलिस, डायल 112, बहेड़ी के सीओ अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही भूमाफिया फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर 12 लोगों को नामजद व 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ बहेड़ी थाने में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सीओ अरुण कुमार का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही सबको गिरफ्तार किया जाएगा। कई वर्षों पहले खरीदा था मकान अफरोज बेगम ने बताया कि उन्होंने इस मकान को वर्षों पहले खरीदा था लेकिन उस पर हरीश और चंद्रपाल अवैध रूप से कब्जा करना चाहते है। जब हम लोग भूमाफियाओं के आगे नहीं झुके तो उन्होंने बुल्डोजर से हमारे घर को ध्वस्त कर दिया। वही इस दौरान हाजी सईद अहमद, नसीम अहमद, शिफा व अफरोज बेगम मकान के मलबे में दबकर घायल हो गए। अफरोज बेगम की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिश्चंद्र पाल, सुरेंद्र, टीकम सिंह, मनोज शर्मा, टीकम भाटी, मोहन सिंह, मोहम्मद आरिफ, अक्षय मंगलम, मंजूर अहमद, शारिक, आफताब, जावेद के अलावा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने 351, 352, 115, 74, 324, 333, 109, 191 सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
![](https://drishyamindia.com/wp-content/uploads/2025/02/f45ce4af-27d4-4368-9e7d-68f7224d2419_1738904427573-uZfmBz-300x300.jpeg)