अलीगढ़ में शनिवार को एक पति पत्नी की मौत हो गई। महिला की अस्पताल में बीमारी के दौरान मौत हुई, वहीं पत्नी की मौत के बाद पति भी अस्पताल के सामने ही एक वाहन की चपेट में आ गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। दंपत्ति की मौत के बाद परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिवार के लोगों का आरोप था कि अस्पताल के लोग इलाज में लापरवाही कर रहे थे और रुपयों के कारण महिला का इलाज रोक देते थे। जिसके कारण उसकी मौत हुई। इसी के सदमें में उसके पति ने भी आत्महत्या कर ली। वहीं पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। 6 दिन पहले भर्ती हुई थी महिला अतरौली तहसील के गांव सिमथला निवासी अर्जुन सिंह ने अपनी पत्नी रेखा को 6 दिन पहले अनूपशहर बाईपास स्थित केआई हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। उनके बच्चे दानी में दिक्कत थी, जिसके कारण उन्हें भर्ती कराया गया था। 6 दिन से लगातार उनका इलाज चल रहा था। आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण शनिवार सुबह महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। जब अर्जुन को इस बात की खबर मिली तो वह सदमें में चला गया और अस्पताल के सामने ही जा रहे एक वाहन से टकरा गया। गंभीर घायल होने के कारण उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया है। अस्पताल में पहले भी हुई हैं मौतें अनूपशहर बाईपास स्थित केआई हॉस्पिटल पर पहले भी लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं। पहले भी यहां मौतें हुई हैं, जिसके बाद परिवार के लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया है। इस बार भी परिवार के लोगों का कहना है कि महिला का इलाज बंद कर दिया गया था, जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ी। जबकि परिवार लगातार फीस जमा कर रहा था। दंपत्ति के मासूम बच्चे हुए बेसहारा परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों की शादी को 6 साल ही हुए थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जो अब बेसहारा हो गए हैं। घर में एक बूढ़ी मां है, जिसके आसरे ही अब यह दोनों बच्चे हैं। परिवार के लोगों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण महिला की मौत हुई, फिर पति ने आत्महत्या कर ली। क्वार्सी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
