केंद्रीय बजट 2025-26 में आम आदमी को बड़ी राहत दी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने सुल्तानपुर में बजट गोष्ठी में इसकी जानकारी दी। सरकार ने 12 लाख रुपए तक की वार्षिक आय पर टैक्स को शून्य कर दिया है। इस टैक्स छूट से मध्यम वर्ग की जेब में एक लाख करोड़ रुपए आएंगे। किसानों के लिए केसीसी लोन की सीमा तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपए कर दी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए अगले तीन वर्षों में सभी जिला अस्पतालों में डे केयर कैंसर सेंटर खोले जाएंगे। एक करोड़ गिग वर्कर्स को जन आरोग्य योजना में 5 लाख रुपए का बीमा कवर मिलेगा। शहरी विकास के लिए सरकार एक लाख करोड़ रुपए खर्च करेगी। राज्य को केंद्रीय बजट से 3.86 लाख करोड़ रुपए मिलने का अनुमान है। डॉ महेंद्रनाथ पाण्डेय ने कहा कि यह बजट गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के लिए परिवर्तनकारी साबित होगा। उन्होंने बताया कि यह बजट देश को 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में मददगार होगा। भाजपा कार्यालय में आयोजित इस बजट गोष्ठी की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा ने की।
