उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान तनाव का माहौल बन गया। बारात की अगवानी के समय वर और वधू पक्ष में विवाद हो गया। वर पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और बारात वापस ले जाने की बात कहने लगे। वधू पक्ष ने वर पक्ष को मनाने की कोशिश की। लेकिन वे नहीं माने। इस पर पुलिस को बुलाया गया। कोतवाली प्रभारी अवनीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस को पता चला कि अगवानी के दौरान हुई छोटी सी तकरार ने विवाद का रूप ले लिया था। पुलिस ने वर पक्ष को समझाया कि छोटे विवाद में शादी तोड़ना उचित नहीं है। वधू पक्ष से भी शांत रहने की अपील की। पुलिस की समझाइश का असर हुआ। वर पक्ष शादी के लिए तैयार हो गया। विवाह की रस्में पूरी की गईं। दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर विवाद समाप्त कर दिया। पुलिस की सूझबूझ से एक रिश्ता टूटने से बच गया।
