अयोध्या के थाना कोतवाली इनायत नगर में एक बुजुर्ग महिला पर दबंगों द्वारा किए गए जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार पुलिस से गुहार लगा रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। घटना 21 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे की है। ईटगांव निवासी अंकुर सिंह की दादी पर उनके ही गांव के शिवम सिंह, अमित सिंह, देवांस सिंह और पुष्पा सिंह ने हमला किया। आरोपी बांका और कुल्हाड़ी लेकर अंकुर के घर में घुस आए। उन्होंने बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण पीड़िता को पहले सामुदायिक केंद्र मिल्कीपुर ले जाया गया। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी दबंग किस्म के लोग हैं। वे लगातार परिवार को प्रताड़ित करते हैं। इस मामले की शिकायत कई बार पुलिस और उच्चाधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी अब खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि बिना एक-दो लोगों को जान से मारे उन्हें चैन नहीं है। पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है। उनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें दंडित किया जाए। परिवार डरा और सहमा हुआ है। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया मामला हमारे संज्ञान मे आया है केस दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
