लखनऊ के पारा इलाके में रहने वाली छात्रा प्रियंका कुशवाहा ने सुसाइड कर लिया। वह रामविहार कॉलोनी में रहती थी। नवयुग डिग्री कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर में थी। घटना शनिवार सुबह की है। प्रियंका प्रसाद लेने घर के पास गई थी। वापस आने पर उसके भाई ने अकेले बाहर जाने को लेकर डांट दिया। इससे नाराज होकर वह अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब भाभी ने उसे आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखा तो प्रियंका का शव पंखे से लटका हुआ था। परिजन तुरंत उसे रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय प्रियंका के माता-पिता राम सुमेर और राजमति बिहार के सिवान में एक शादी समारोह में गए हुए थे। प्रियंका चार भाइयों – हरिवंश, बसंत, राहुल और रोहित की एकलौती बहन थी। उसके पिता राम सुमेर आटा चक्की चलाते हैं। डॉक्टर खेड़ा चौकी के इंचार्ज राजकुमार सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। प्रियंका के माता-पिता को घटना की सूचना दे दी गई है और वे वापस लौट रहे हैं।
