मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां वरमाला के दौरान दूल्हे के दोस्तों को स्टेज से उतारे जाने से नाराज होकर दूल्हा शादी छोड़कर भाग गया। घटना शनिवार की देर शाम की है। इटावा के पांडुआ निवासी अमन (दूल्हा) की बारात मैरिज होम में पहुंची थी। वरमाला के दौरान दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के दोस्तों को स्टेज से नीचे उतार दिया। इस पर दूल्हा नाराज हो गया। मामला शांत होने के बाद जब दूल्हा खाना खाने पहुंचा, तो वहां भी उसके दोस्तों को हटा दिया गया। इससे और नाराज होकर दूल्हा मैरिज होम से भाग गया। दूल्हे के गायब होने से दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के समझदार रिश्तेदारों को बुलाकर मामला सुलझाया। करीब तीन घंटे बाद रात 3 बजे दूल्हा वापस मैरिज होम लौटा। दोनों पक्षों की सहमति से सभी रस्में पूरी की गईं और शाम को दुल्हन की विदाई हुई। हालांकि इस घटना की चर्चा पूरे नगर में होती रही।
