सुल्तानपुर के गोसाईगंज क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मांने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 14 जनवरी 2025 की है। शाम करीब 7 बजे पीड़िता लड़की शौच के लिए घर से बाहर गई थी। रात 11 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि राहुल कुमार नामक युवक अपने घर पर नहीं है और उसी का हाथ लड़की के लापता होने में हो सकता है। इस जानकारी के बाद जब पीड़िता की मां राहुल के घर पहुंची, तो उसके परिजनों ने गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी दी। उन्होंने कहा कि उनका बेटा ही लड़की को ले गया है। पीड़िता की मां का आरोप है कि राहुल की मां प्रेमा देवी ने भी इस अपहरण में मदद की है। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दी गई, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है। पीड़िता की मां ने गिरफ्तारी नहीं होने पर उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि विपक्षी के प्रभाव के कारण गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं हो रही। इस बाबत थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि केस दर्जकर शेष विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।