जुही स्थित संत गाडगे जी नगर में संत शिरोमणि गाडगे महाराज की जयंती पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद शालू सुनील कनौजिया और पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया ने महिलाओं के साथ संत गाडगे जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर मिष्ठान का वितरण भी किया गया। पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया ने संत गाडगे जी महाराज के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महाराज का जन्म महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक गरीब धोबी परिवार में हुआ था। उनका बचपन का नाम डेबू जी था। गरीबी के कारण वे शिक्षा नहीं ले पाए। संत गाडगे जी ने मांगकर पूरे महाराष्ट्र में विद्यालय, धर्मशाला और गौशालाओं का निर्माण करवाया। लेकिन उन्होंने अपने लिए एक कुटी तक नहीं बनाई। उनके समाज सेवा के कार्यों से प्रभावित होकर बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर उन्हें अपना गुरु मानते थे। महाराष्ट्र सरकार ने देश में पहली बार स्वच्छता अभियान उनके नाम से चलाया। कार्यक्रम में विशाल कनौजिया, प्यारेलाल कनौजिया, दुर्गा प्रसाद कनौजिया, शनी कनौजिया, कल्पना, मंजू, कमला, अंजली चौधरी और अनामिका कनौजिया सहित कई लोग उपस्थित रहे।
