इटावा में समाजवादी पार्टी से जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव (अंशुल) के नेतृत्व में रविवार को सबसे बड़े महेवा ब्लॉक में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के समर्थन में विशाल जन संदेश साइकिल यात्रा निकाली गई। यह यात्रा अलीयापुरा से प्रारंभ होकर कुशगवां अहिरान होते हुए जगमोहनपुर तक गई। जिसमें सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान सपा के सांसद जितेंद्र दोहरे, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव समेत कई प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद जितेंद्र दोहरे ने बताया कि यह साइकिल यात्रा पीडीए के समर्थन में जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली गई है। उन्होंने कहा पूरे इटावा लोकसभा क्षेत्र में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ताकि लोगों को पीडीए की ताकत और उसके महत्व को समझाया जा सके। जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेशभर में इस तरह की साइकिल यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है कि लोगों के घर-घर जाकर पीडीए का संदेश पहुंचाया जाए। ताकि जनता भाजपा सरकार के अत्याचारों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष कर सके। अभिषेक यादव ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी चरम पर है, जिससे आम लोग त्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार केवल गरीबों के हित की बातें करती है। लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस दमनकारी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। इस साइकिल यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ नारेबाजी की। ग्रामीणों से संवाद कर पीडीए के उद्देश्यों को समझाया। लोगों ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए सपा कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।