फिरोजाबाद के गुलाब वाटिका में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 169 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस आयोजन में 134 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए और 35 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह कबूल किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर में ब्लॉक प्रमुख सतेंद्र धनगर, पालिकाध्यक्ष भंवर सिंह और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी जोड़ों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रति जोड़े को 51 हजार रुपए की सहायता दी जाती है। इसमें से 35 हजार रुपए कन्या के खाते में, 10 हजार का सामान और 6 हजार रुपये भोजन व्यवस्था पर खर्च किए गए। इस सामूहिक विवाह में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से जोड़ों ने भाग लिया। फिरोजाबाद ब्लॉक से 29, जसराना से 16, खैरगढ़ से 13, नारखी से 31 और टूंडला से 26 जोड़े शामिल हुए। नगर निगम फिरोजाबाद से 53 और नगर पालिका टूंडला से एक जोड़े ने भाग लिया। नवविवाहित जोड़ों ने इस खास पल को यादगार बनाने के लिए सेल्फी लीं। वधुओं ने मुख्यमंत्री के आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बीडीओ प्रभात रंजन और ईओ आशुतोष त्रिपाठी ने वर-वधुओं को उपहार भेंट किए। शाम तक कार्यक्रम का समापन हो गया।
