आंध्र प्रदेश भाजपा ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) से 1 हजार गैर-हिंदू कर्मचारियों को हटाने की मांग की। आंध्र प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता और TTD के सदस्य भानु प्रकाश रेड्डी ने कहा- बोर्ड के प्रतिनिधि 14 फरवरी को मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से मिलेंगे और गैर-हिंदुओं को मंदिरों की सेवाओं से हटाने का निवेदन करेंगे। दूसरी तरफ वाईएसआरसीपी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने इस मुद्दे पर बयान देने से मना कर दिया। उन्होंने कहा- मुझे इसके बारे में डिटेल से पता नहीं है। इससे पहले TTD ने बुधवार को मंदिर के 18 कर्मचारियों को हटाने की जानकारी दी थी। इन सभी को TTD के नियमों के खिलाफ जाकर काम करने का दोषी पाया गया है। ट्रस्ट ने सभी 18 कर्मचारियों के सामने दो शर्तें रखी हैं, या तो सभी किसी दूसरे सरकारी विभाग में ट्रांसफर ले लें या फिर VRS (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) ले लें। ऐसा मंदिर की पवित्रता बनाए रखने के लिए किया जा रहा है। TTD ने बयान में कहा- यह कार्रवाई TTD अध्यक्ष बीआर नायडू के निर्देश पर की गई। संस्थान में काम के दौरान गैर-हिंदू धार्मिक प्रथा फॉलो करने वाले 18 कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन लिया गया है। ये सभी TTD में काम करने के बावजूद गैर-हिंदू धार्मिक परंपराओं को फॉलो कर रहे हैं। अब इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। TTD ने किन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की हमने गैर हिंदू कर्मचारियों की पहचान की थी
टीटीडी अध्यक्ष नायडू ने कहा- हमने कुछ TTD कर्मचारियों की पहचान की, जो गैर-हिंदू हैं। इन लोगों से VRS लेने का अनुरोध किया जाएगा। अगर वे इसके लिए राजी नहीं होते हैं तो उन्हें राजस्व, नगर पालिका या किसी निगम जैसे सरकारी विभागों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। मैंने 4 फरवरी को बोर्ड मीटिंग में प्रस्ताव पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। तिरुमला में पॉलिटिकल बयानों पर रोक लगाने वाला प्रस्ताव भी बोर्ड मीटिंग में पारित किया गया। इसमें कहा गया है कि TTD नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ-साथ पॉलिटिकल पार्टियों का प्रचार करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। TTD के फैसले के 3 आधार तिरुपति दुनिया का सबसे अमीर मंदिर ट्रस्ट
TTD 12 मंदिरों का रखरखाव करता है। इसमें 14 हजार से कर्मचारी काम करते हैं। अप्रैल 2024 में आई रिपोर्ट के अनुसार मंदिर ट्रस्ट ने 2024 में 1161 करोड़ रुपए की एफडी कराई थी। यह अब तक की सबसे ज्यादा रकम की एफडी है। इसके बाद ट्रस्ट के बैंकों में कुल एफडी 13287 करोड़ रुपए हो गई है। यह देश का इकलौता मंदिर है जो पिछले 12 सालों में साल दर साल 500 करोड़ या उससे ज्यादा की रकम बैंक में जमा कर रहा है। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम दुनिया के सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में से एक है। ये आंध्र प्रदेश के सेशाचलम पर्वत पर बसा है। भगवान वेंकटेश्वर के इस मंदिर का निर्माण राजा तोंडमन ने करवाया था। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 11वीं सदी में रामानुजाचार्य ने की थी। मान्यता है कि भगवान वेंकटेश्वर जब पद्मावती से अपना विवाह रचा रहे थे तो उन्होंने धन के देवता कुबेर से कर्ज लिया। भगवान पर अब भी वो कर्ज है और श्रद्धालु इसका ब्याज चुकाने में उनकी मदद करने के लिए दान देते हैं। तिरुमाला मंदिर को हर साल लगभग एक टन सोना दान में मिलता है। तिरुपति दर्शन करने जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को यहां का प्रसिद्ध लड्डू प्रसाद में दिया जाता है। यहां रोज करीब 3 लाख लड्डू बनाए जाते हैं। लड्डू को चने के बेसन, मक्खन, चीनी, काजू, किशमिश और इलायची से बनाया जाता है और इसकी रेसिपी करीब 300 साल पुरानी है। यहां बालों का दान किया जाता है
मान्यता है कि जो व्यक्ति अपने मन से सभी पाप और बुराइयों को यहां छोड़ जाता है, उसके सभी दुःख देवी लक्ष्मी खत्म कर देती हैं। इसलिए यहां अपनी सभी बुराइयों और पापों के रूप में लोग अपने बाल छोड़ जाते हैं। भगवान विष्णु को कहते हैं वेंकटेश्वर
इस मंदिर के बारे में कहा जाता हैं कि यह मेरूपर्वत के सप्त शिखरों पर बना हुआ है, इसकी सात चोटियां शेषनाग के सात फनों का प्रतीक कही जाती हैं। इन चोटियों को शेषाद्रि, नीलाद्रि, गरुड़ाद्रि, अंजनाद्रि, वृषटाद्रि, नारायणाद्रि और व्यंकटाद्रि कहा जाता है। इनमें से व्यंकटाद्रि नाम की चोटी पर भगवान विष्णु विराजित हैं और इसी वजह से उन्हें वेंकटेश्वर के नाम से जाना जाता है। सिर्फ शुक्रवार को होते हैं पूरी मूर्ति के दर्शन
मंदिर में बालाजी के दिन में तीन बार दर्शन होते हैं। पहला दर्शन विश्वरूप कहलाता है, जो सुबह के समय होता है। दूसरा दर्शन दोपहर को और तीसरा दर्शन रात को होता है। भगवान बालाजी की पूरी मूर्ति के दर्शन केवल शुक्रवार को सुबह अभिषेक के समय ही किए जा सकते हैं। भगवान बालाजी ने यहीं दिए थे रामानुजाचार्य को साक्षात दर्शन
यहां पर बालाजी के मंदिर के अलावा और भी कई मंदिर हैं, जैसे- आकाश गंगा, पापनाशक तीर्थ, वैकुंठ तीर्थ, जालावितीर्थ, तिरुच्चानूर। ये सभी जगहें भगवान की लीलाओं से जुड़ी हुई हैं। कहा जाता है कि श्रीरामानुजाचार्य जी लगभग डेढ़ सौ साल तक जीवित रहे और उन्होंने सारी उम्र भगवान विष्णु की सेवा की, जिसके फलस्वरूप यहीं पर भगवान ने उन्हें साक्षात दर्शन दिए थे। …………………………………………..
तिरुपति मंदिर से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
मंदिर के लड्डू काउंटर पर आग लगी, हादसा 10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम उत्सव के दौरान हुआ 13 जनवरी को लड्डू वितरण केंद्र में उस वक्त आग लग गई थी, जब लड्डू काउंटर पर बड़े पैमाने पर पवित्र प्रसाद लेने वालों की भीड़ थी। आग लगते ही भक्तों में अफरा-तफरी मच गई। तिरुपति तिरुमला देवस्थानम मंदिर प्रशासन के मुताबिक कंप्यूटर सेटअप से जुड़े UPS में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। हादसा 10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम उत्सव के दौरान हुआ था। पूरी खबर पढ़ें… तिरुपति मंदिर में भगदड़ से 6 की मौत, 10 दिनों के विशेष दर्शन के लिए टोकन के लिए लाइन में लगे थे श्रद्धालु 8 जनवरी को मंदिर में वैकुंठ द्वार दर्शन टिकट केंद्र के पास भगदड़ मच गई थी। श्रद्धालु मंदिर में 10 दिनों के विशेष दर्शन के लिए टोकन के लिए लाइन में लगे थे। इस दौरान भगदड़ मच गई थी। घटना में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 40 लोग घायल हो गए थे। पूरी खबर पढ़ें…