चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में हुई वोटिंग को लेकर शुक्रवार को विस्तृत आंकड़े जारी किए। चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली में कुल 60.54% यानी कि 94 लाख 51 हजार 997 लोगों ने वोट डाले। आज वोटों की गिनती होगी, जिसमें 699 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। वोट देने वालों में 50.42 लाख पुरुष जबकि 44.08 लाख महिलाएं थीं। इसके अलावा, 403 थर्ड-जेंडर ने वोट दिया। 2020 में दिल्ली विधानसभा के चुनाव में 62.59% और 2024 के लोकसभा चुनावों में 56% लोगों ने वोट दिया था। 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए 699 उम्मीदवारों के साथ मतदान 5 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 13,766 केंद्रों पर हुआ था। दिल्ली में 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 वोटर्स हैं, जिनमें से 83 लाख 49 हजार 645 पुरुष, 71 लाख 73 हजार 952 महिलाएं और 1,261 थर्ड जेंडर वोटर्स हैं। दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में सबसे अधिक 66.25% जबकि दक्षिण-पूर्वी जिले में सबसे कम 56.40% वोटिंग हुई थी। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो मुस्तफाबाद में सबसे ज्यादा 69.01% जबकि महरौली में सबसे कम 53.02% वोटिंग हुई। 14 एग्जिट पोल में दावा- इस बार दिल्ली में भाजपा सरकार दिल्ली चुनाव पर 14 एग्जिट पोल आ चुके हैं। इनमें 12 ने भाजपा को बहुमत दिखाया है। वहीं 2 में कहा गया है कि AAP की सरकार आ सकती है। एक्सिस माई इंडिया पोल के मुताबिक, भाजपा दिल्ली की 70 सीटों में से 45 से 55 सीटें जीत सकती है। सीएनएक्स का अनुमान इससे भी ज्यादा है, जो भाजपा को 49 से 61 सीटें दे रहा है। सभी के ऐवरेज यानी पोल ऑफ पॉल्स में भाजपा को 41, AAP को 28 और कांग्रेस को 1 सीट मिलने का अनुमान है।