दिल्ली की नई सरकार ने गुरुवार को शपथ ली। रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री और उनके साथ 6 अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। दिल्ली के नए विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को बनाया गया है। ये वहीं नेता हैं, जिन्हें 10 साल पहले दिल्ली विधानसभा से बाहर निकाल दिया गया था। दिल्ली विधानसभा में 30 नवंबर 2015 को AAP विधायक अलका लांबा पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में भाजपा विधायक ओपी शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। उस दिन सदन में जमकर हंगामा हुआ। स्पीकर राम निवास गोयल ने विजेंद्र गुप्ता को सदन से बाहर जाने को कहा, तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद मार्शलों ने उन्हें जबरदस्ती उठाकर बाहर निकाला। सदन से बाहर निकाले जाने से पहले गुप्ता ने अध्यक्ष पर तत्कालीन सत्ताधारी AAP के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों ने 3 भाजपा विधायकों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन पर हमला किया। गुप्ता ने दावा किया था- विधानसभा में जल्द ही CAG रिपोर्ट पेश होगी विजेंद्र गुप्ता के विधानसभा अध्यक्ष बनने से AAP के लिए और अधिक परेशानी हो सकती है। पिछले सप्ताह उन्होंने चुनाव जीतने के बाद दावा किया था कि AAP सरकार की CAG की 14 रिपोर्ट पेंडिंग है, जिसे सदन में पेश की जाएगी। यह रिपोर्ट AAP सरकार की वित्तीय अनियमितताओं को उजागर करेंगी। 3 बार विधायक बन चुके हैं छात्र राजनीति से करियर शुरू करने वाले विजेंद्र गुप्ता तीसरी बार विधायक बने हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष रहे विजेंद्र ने निगम पार्षद से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तक का सफर तय किया है। वे रोहिणी वार्ड से तीन बाद पार्षद रहे और 2015 में रोहिणी सीट से विधायक बने। उस चुनाव में भाजपा सिर्फ तीन सीटें ही जीत सकी थी। विजेंद्र दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। विजेंद्र दिल्ली में भाजपा का का बड़ा वैश्य चेहरा हैं। संगठन के साथ संघ में भी उनकी मजबूत पकड़ है। —————————————– ये खबर भी पढ़ें… प्रवेश वर्मा दिल्ली के डिप्टी CM, शिक्षा, परिवहन-PWD विभाग मिला:CM ने गृह-वित्त अपने पास रखा दिल्ली में भाजपा सरकार के शपथ के 4 घंटे के बाद ही मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया। CM रेखा गुप्ता ने वित्त मंत्रालय अपने पास रखा है। अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराने वाले प्रवेश वर्मा को डिप्टी CM बनाया गया है। पूरी खबर पढ़ें… रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनीं, अब दिल्ली CM, RSS ने नाम बढ़ाया, महिला मुख्यमंत्री चुने जाने की 3 वजहें 50 साल की रेखा गुप्ता जिंदल दिल्ली की नौवीं CM बनीं। भाजपा विधायक दल की बैठक में बुधवार को उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया था। वे दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से विधायक हैं। पूरी खबर पढ़ें…