पटना में 28 जनवरी को गायघाट शेल्टर होम की नाबालिग लड़की किडनैप हुई थी। पुलिस की लगातार खोजबीन के बाद उसे बरामद कर लिया गया है। SIT ने घटना के 23 दिन बाद लड़की को लालगंज थाना के जहानाबाद गांव से बरामद किया है। शुक्रवार को लड़की को पटना लाने के बाद कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया गया है। साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के राजवंशी नगर से नाबालिग गायब हुई थी। दिनदहाड़े अज्ञात शख्स ने डिजायर कार से उसका अपहरण कर लिया था। महिला सिपाही ट्रेनिंग के लिए घर लाई थी दरअसल, घटना वाले दिन महिला सिपाही पिंकी कुमारी शेल्टर होम से 8 लड़कियों को अपने घर ट्रेनिंग के लिए लाई थी। गेट के अंदर बारी-बारी से सभी लड़कियों को घुसने वाली थी, उससे पहले ही नाबालिग गायब हो गई। इसके बाद पिंकी कुमारी के आवेदन पर शास्त्री नगर थाना में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया। कार नंबर से लड़की तक पहुंची पुलिस डिजायर कार का ड्राइवर लड़की को अपने साथ लेकर गया था। जिस गाड़ी से लेकर भागा था, उस गाड़ी के नंबर की पहचान CCTV फुटेज से की गई। इसके आधार पर पुलिस गाड़ी मालिक तक पहुंची और वहां से गाड़ी चालक तक पहुंच गई। डिजायर चालक चंदन कुमार के घर से लड़की की बरामदगी हुई है। थानेदार अमर कुमार ने बताया कि अपहरण और लड़की को भगाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। लड़की को बरामद कर लिया गया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में भेजा गया है।