Drishyamindia

खाना बनाने के दौरान लगी आग, 7 लोग झुलसे:पूर्णिया में 8 घर जलकर खाक; तालाब में मोटर लगाकर लोगों ने बुझाई आग

पूर्णिया में खाना बनाने के दौरान शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के 8 घर इसकी चपेट में आ गए। 7 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं, जिनमें 4 पुरुष, दो महिला और एक बच्चा शामिल है। घटना के फौरन बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग में झुलसे लोगों को इलाज के लिए GMCH पूर्णिया में एडमिट कराया गया है। इसमें से 4 की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि 3 मामूली रूप से झुलस गए। घटना डगरूआ थाना क्षेत्र के दुबैली गांव की है। घायलों में दुबैली गांव निवासी रियाजुद्दीन के बेटे मो. बकरीद 50, मोजिद के बेटे मो. सद्दाम 30, मो मुस्ताक के बेटे मो. शोहराब 45, मो. शाबीर के बेटे मो. मुस्तकीन 30 समेत दो महिला और एक 5 साल का बच्चा शामिल है। 4 लोगों के शरीर का 50% हिस्सा झुलस गया है। मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनने के दौरान लगी आग टॉली पंचायत के मुखिया और मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष मो. शमशाद आलम ने बताया- खाना बनाने के दौरान मो. हासिम के घर से आग की लपटें उठी। खाना मिट्टी के चूल्हे पर बन रहा था। इसी से उठी चिंगारी मो हासिम के घर में फैल गई। जिससे बचकर घरवालों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं कुछ ही मिनटों में आग की लपटों ने आसपास के 8 घर को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें 7 झुलस गए। मो. शमशाद आलम ने आगे बताया- ‘कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय मुखिया ने फायर ब्रिगेड को कॉल कर आगलगी की जानकारी दी। मगर काफी इंतजार के बाद भी दमकल की गाड़ी नहीं पहुंची। जिसके बाद पास के ही तालाब से मोटर के जरिए पानी का प्रेशर देकर आग की लपटों पर किसी तरह काबू पाया गया। इसके बाद मुखिया और ग्रामीणों की मदद से घायलों को आनन फानन में GMCH पूर्णिया में एडमिट कराया गया। जहां सभी का इलाज जारी है।’ घटना की जानकारी देते हुए डगरूआ थाना अध्यक्ष ने बताया कि ‘घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की छानबीन की जा रही है।’

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

मध्य प्रदेश न्यूज़

यह भी पढ़े