सिटी रिपोर्टर| भागलपुर बिहार नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से पटना स्थित नए सचिवालय में आयोजित बैठक में शुक्रवार को इस्टर्न बिहार चेंबर अॉफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भागलपुर के प्रतिनिधि मंडल शामिल हुए। जिसमें मंत्री ने नगर निगम क्षेत्र में संपत्ति कर पर बढ़ाई गई दरों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। चेंबर उपाध्यक्ष शरद सलारपुरिया ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा वर्तमान सत्र में सभी गैर-आवासीय संपत्ति पर जो टैक्स की राशि बढ़ाई गई है, उसपर हमारी संस्था ने काफी विरोध जताया था। इस संबंध में नगर विकास मंत्री नितिन नवीन के साथ बैठक में चेंबर प्रतिनिधि मंडल ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही चेंबर द्वारा समय-समय किए गए पत्राचार पर भी चर्चा हुई। बताया कि अपर मुख्य सचिव वर्षा सिंह ने भी हमारी समस्याओं को अपनी टीम के साथ मंत्रालय में समझा। इस दौरान मंत्री ने चेंबर पदाधिकारियों को आश्वासन दिया की गैर आवासीय संपत्ति कर में गुणांक की वृद्धि जैसे मुद्दे को न्यायसंगत तरीके से देखकर संपत्ति कर की दरों को पुनः संधारित किया जाएगा। साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि संशोधित की जाने वाली गैर आवासीय संपत्ति कर की नई दर को मानसून सत्र के पहले लागू कर दिया जाएगा। बैठक में पूरे बिहार के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। जिसमें भागलपुर चेंबर की ओर से चेंबर अध्यक्ष श्रवण कुमार बाजोरिया, महासचिव सीए पुनीत चौधरी के अलावा नाथनगर सिल्क सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव जयकिशन शाह, पीआरओ रवि बाजोरिया शामिल थे।
![](https://drishyamindia.com/wp-content/uploads/2025/02/1001186520_1738947744-dXmM4t-300x300.png)