दरभंगा में ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई है। इसके महिला के बच्चे का हाथ टूट गया और ससुर घायल हो गए। महिला अपने ससुर के साथ बच्चे को लेकर डॉक्टर के पास ले जा रही थी। तीनों बाइक से अपने गांव पलवा से बिरौल जा रहे थे। इसी दौरान बिरौल के कोठी-पघारी मुख्य सड़क पर ईंट लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तीनों को बिरौल सीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका वड़गांव थाना क्षेत्र के मानसरा पलवा गांव निवासी राजेश यादव की 25 वर्षीय पत्नी बबीता देवी है। ट्रैक्टर को पुलिस ने किया जब्त स्थानीय मनोज यादव ने कहा कि महिला अपने डेढ़ साल के बच्चे को इलाज के लिए सुपौल बाजार लेकर जा रही थी। इसी दौरान बिरौल में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने ठोकर मार दी। इसमें महिला सहित उसका ससुर और डेढ़ साल का बच्चा जख्मी हो गया। महिला की मौत हो चुकी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बिरौल पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल किया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेजा जा रहा है। ईंट लदे ट्रेक्टर को जब्त कर लिया गया है। चालक फरार है।