जमुई के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के अंबा गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ दबंग लोगों ने पीएचईडी विभाग के ठेकेदार से मिलीभगत कर एक व्यक्ति की निजी जमीन पर जबरदस्ती सरकारी हैंडपंप लगवा दिया। चारदीवारी तोड़कर लगवाया सरकारी हैंडपंप पीड़ित अशोक सिंह ने डीएम अभिलाषा शर्मा को बताया कि उनकी जमीन पर पक्का मकान बना हुआ है और बची हुई जमीन चारदीवारी से घिरी है। उनके पड़ोसी उपेंद्र सिंह, दीपक सिंह, कारू सिंह और पंकज सिंह ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर जमीन हड़पने की नीयत से उनकी चारदीवारी तोड़कर वहां सरकारी हैंडपंप लगवा दिया। विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट भी की गई। 14 जनवरी को इस घटना की शिकायत चंद्रदीप थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और हैंडपंप लगाने से मना किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस की चेतावनी को भी नजरअंदाज कर दिया। थानाध्यक्ष राजेंद्र साह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार ने डीएम से न्याय की गुहार लगाई है। यह मामला न केवल निजी संपत्ति के अतिक्रमण का है, बल्कि सरकारी विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत का भी है, जिन्होंने बिना उचित जांच के निजी भूमि पर सार्वजनिक हैंडपंप लगवा दिया।