बेगूसराय में लाखो थाना पुलिस ने कार्यक्रम में कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। एसपी मनीष ने बताया कि कल सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो मिला था। जिसमें एक युवक कट्टा लहराते हुए डांस कर रहा था। वीडियो मिलते ही हमारी टीम तुरंत एक्शन में आई तथा जांच किया गया तो वह वीडियो लाखो थाना क्षेत्र के अयोध्याबाड़ी गांव का मिला। इसके बाद सत्यापन में इसकी पुष्टि हुई। पुष्टि होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए लाखो थाना की पुलिस ने अयोध्याबाड़ी गांव निवासी कैलाश राय के पुत्र अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए अनिल कुमार ने स्वीकार किया है कि हथियार का प्रदर्शन उसी ने किया है और वीडियो बनाया गया है। इसके बाद पकड़े गए युवक के खिलाफ विधि सम्मत आगे की कार्रवाई की जा रही है। वीडियो कब का है इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किसी कार्यक्रम में डीजे बज रहा है। जहां तीन युवक डांस कर रहे हैं। जिसमें से एक कट्टा लहरा रहा है। भोजपुरी गाने पर डांस करते हुए बनाया गया करीब 45 मिनट का यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
