नालंदा पुलिस ने राजगीर में बौद्ध पर्यटकों से लूटपाट के मामले में महज 6 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे राजगीर थाना क्षेत्र के वैभारगिरी पर्वत पर हुई थी, जिससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों में जोगेंद्र राजवंशी (30 वर्ष) और सोनू कुमार (25 वर्ष) शामिल हैं, जो मार्क्सवादी नगर, राजगीर के निवासी हैं। पुलिस तीसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ पहले से ही राजगीर थाना में दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 309(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। कैसे हुई लूटपाट की घटना लूटपाट मामले को लेकर जानकारी के अनुसार, श्रीलंका से आए करीब 45 पर्यटकों का एक दल वैभारगिरी पर्वत पर घूमने गया था। तभी तीन बदमाशों ने लकड़ी काटने वाले धारदार हथियार का भय दिखाकर लूटपाट की। बदमाशों ने पर्यटकों से मोबाइल, घड़ी और कपड़े लूट लिए। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी, जिसमें थानाध्यक्ष रमन कुमार और दारोगा संजीव कुमार सिंह भी शामिल थे।