प्रयागराज से महाकुंभ स्नान कर लौट रहे जमुई के पशु चिकित्सक की स्कॉर्पियो कैमूर के पास कंटेनर से टकरा गई। हादसे में डॉ महेश राय (46), उनकी बहन मीरा देवी (50) और बेटा अमित कुमार (18) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में डॉक्टर की पत्नी मीना देवी और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। घायलों में भगिनी सोनी कुमारी (22), धनबाद की सूची देवी (52) और चालक मोहम्मद कौसर (35) शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। मृतक डॉ महेश राय जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र के हांसडीह के रहने वाले थे। उनकी बहन मीरा देवी लखीसराय जिले के एटा संग्रामपुर की निवासी थी। माना जा रहा है कि हादसा चालक को नींद आने की वजह से हुआ। बताया जाता है कि जमुई जिले के हांसडीह निवासी पशु चिकित्सा डॉ महेश राय ने 21 फरवरी को अपनी दूसरी पत्नी उषा राय को बताया था कि वह लखीसराय के एटा संग्रामपुर की रहने वाली बड़ी बहन मीरा देवी, भगनी सोनी कुमारी के साथ महाकुंभ स्नान करने के लिए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे है। शनिवार को उनकी मौत से पहले अंतिम बार डॉक्टर महेश राय ने अपनी दूसरी पत्नी को फोन कर बताया कि वह कुंभ स्थान कर लिया है और अब वह जमुई के लिए निकल चुके है। रविवार की सुबह वह अपने घर पहुंच जाएंगे। इस बीच रविवार की सुबह जानकारी मिली कि सड़क दुर्घटना में उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए है। टाउन थाना अध्यक्ष अरूण कुमार ने बताया कि प्रयागराज से लौटने के दौरान सड़क दुर्घटना में जमुई के 3 लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है, जांच की जा रही है।
