किशनगंज के धर्मशाला रोड स्थित फल चौक पर करीब 20-25 लोगों ने एक व्यापारी पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। कपड़ा व्यापारी मनोज दुग्गर की दुकान पर टेलर परवेज ने अपने साथियों के साथ हंगामा किया। परवेज ने मनोज से पहले 5 हजार रुपए उधार लिए थे। जब मनोज ने पैसे मांगे तो परवेज बदसलूकी करने लगा। पास के रेमंड शोरूम में काम करने वाले विपुल अग्रवाल मनोज की मदद के लिए आए। हमलावरों ने विपुल पर भी हमला कर दिया। आधे घंटे तक चली मारपीट में विपुल बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। टाउन थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल जाकर घायल विपुल की स्थिति की जानकारी ली। अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। व्यापारियों ने प्रशासन से की निष्पक्ष जांच की मांग व्यापारियों का कहना है कि सूचना मिलने के बाद भी पुलिस समय पर नहीं पहुंची। स्थानीय व्यापारी प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कपड़ा व्यापारी मनोज दुग्गर थाने में लिखित शिकायत देने की तैयारी कर रहे हैं।
