जमुई के सोनो प्रखंड के कर्मटिया गांव में सड़क हादसे में 46 साल की कमलाती देवी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को सोनो रेफरल अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका चरका पत्थर थाना क्षेत्र के सोनेलालटाड़ गांव की रहने वाली थी। वे सिताबी मांझी की पत्नी थी। उनके बेटे ने बताया कि उनकी मां खैरा थाना क्षेत्र के बाराबांध में अपनी बहन के घर गई थी। वहां से पैदल लौटते समय कर्मटिया जंगल में यह हादसा हुआ। सोनो थाना अध्यक्ष दीनानाथ सिंह के अनुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
