बेगूसराय पुलिस की टीम ने 25,000 के इनामी अपराधी संजीत कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। DIU और छौड़ाही थाना की पुलिस ने समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के नयानगर गांव में छापेमारी कर उसे उसके घर से पकड़ा। एसपी मनीष ने बताया कि संजीत कुमार सिंह छौड़ाही थाना में दर्ज दुष्कर्म, हत्या और एससी-एसटी एक्ट के मामले में 2022 से फरार था। इसके अलावा, हसनपुर थाना में भी उस पर हत्या सहित कई संगीन अपराधों के मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से प्रयास कर रही थी, लेकिन वह लगातार फरार हो रहा था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस मुख्यालय ने 25,000 का इनाम घोषित किया था। संजीत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह अपने घर नयानगर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने उसके घर की घेराबंदी कर उसे धर-दबोचा। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। एसपी ने बताया कि यह 2022 से ही फरार चल रहा था। नहीं पकड़े जाने के बाद पुलिस मुख्यालय द्वारा 25000 का इनाम घोषित किया गया तथा इसकी गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कराई जा रही थी। इसी दौरान मिले इनपुट के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है तथा पूछताछ सहित आगे की कार्रवाई चल रही है। दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप बता दें कि एक दिसंबर 2022 की दोपहर में छौड़ाही थाना क्षेत्र के सहुरी पंचायत स्थित पूरपथार गांव निवासी फुलेना पासवान की पत्नी रंजू देवी की लाश सीमावर्ती क्षेत्र में मिली थी। गन्ना के खेत में शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया तथा इसके पति ने नयानगर के कुछ असामाजिक तत्वों और शराब माफिया पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर लाश को छुपाने का आरोप लगाया गया था। पति ने बताया था कि उसकी पत्नी 29 नवंबर को सीमावर्ती नयानगर गांव से सटे दिघरा चौर बहियार में मवेशी का चारा लाने गई थी। वापस नहीं लौटी तो खोज करने पर कुछ पता नहीं चला। खोजबीन के दौरान 30 नवंबर को उक्त महिला द्वारा घास लाने के लिए ले जाया गया बोरा मिला था। पति ने इसकी जानकारी छौड़ाही थाना को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन थाना क्षेत्र हसनपुर रहने का हवाला देकर मामला दर्ज नहीं किया गया था। उसके बाद जब लाश मिली तो करीब 9 घंटे तक सीमा विवाद में घटनास्थल पर ही पड़ी रही। इस मामले को लेकर लोकसभा तक हंगामा मचा था। लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान ने परिवार से आकर मुलाकात की तो वहीं सदन में भी इस मामले को उठाया था। इसके बाद से ही पुलिस संजीत कुमार सिंह के पीछे पड़ी थी, लेकिन वह लगातार चकमा दे रहा था। फिलहाल पुलिस की टीम पकड़े गए बदमाश से पूछताछ सहित आगे की कार्रवाई कर रही है।
![](https://drishyamindia.com/wp-content/uploads/2025/02/screenshot20250208011946google_1738957838-2U4pu9-300x300.png)