अमरोहा के गजरौला नगर पालिका में कथित भ्रष्टाचार को लेकर गुरुवार को तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पालिका सभासद और उनके पति ने इंदिरा चौक पर धरना देकर पालिकाध्यक्ष राजेंद्री (उमा देवी) और उनके पति पूर्व विधायक हरपाल सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। सभासद पति अनिल अग्रवाल ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में पालिका को मिले 50 करोड़ रुपए का दुरुपयोग किया गया है। उनका कहना है कि पालिकाध्यक्ष ने इस अवधि में करोड़ों रुपए का गबन किया है। जिसके कारण नगर में विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं। दूसरी ओर, पालिकाध्यक्ष राजेंद्री ने इन सभी आरोपों को निराधार बताते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि धरना दे रहे सभासद उनसे 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ये सभासद भाजपा विरोधी हैं, क्योंकि इन्होंने विपक्षी दल के टिकट पर चुनाव जीता था। भ्रष्टाचार की जांच कर रही समिति से दिले उर्फ अशोक चौधरी ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। धरने में राजपाल सिंह, कपिल सिंह, अरविंद यादव, देवेश शर्मा सहित कई लोग शामिल हुए। पुलिस ने हस्तक्षेप कर समझाइश के बाद धरना समाप्त करवाया। पालिकाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि टूटे डिवाइडर की मरम्मत जल्द करवाई जाएगी।
![](https://drishyamindia.com/wp-content/uploads/2025/02/ladscape55_1738917479-zbOlL0-300x225.gif)