मोतिहारी में शुक्रवार को एक युवक की कुदाल मारकर हत्या कर दी गई। युवक प्रेम प्रसंग में बंधक बनाए प्रेमी को छुड़ाने गया था। घटना हरसिद्धि थाना क्षेत्र के घीवाढार गांव की है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अलौला गांव का युवक साहिल मसऊर आलम के घर में रह रहा था। साहिल का उसी घर की एक महिला से प्रेम प्रसंग था। जब साहिल की मां को इसकी जानकारी मिली, तो वह अपने बेटे को वापस ले जाने के लिए पहुंची। लेकिन मसऊर का परिवार साहिल को जाने नहीं दे रहा था। परेशान मां ने अपने रिश्तेदार नबी हुसैन(35) से मदद मांगी। नबी ने जब मसऊर के घर जाकर पंचायती के जरिए साहिल को छुड़ाने का प्रयास किया, तो विवाद हो गया। इसी दौरान मसऊर ने पीछे से नबी के सिर पर कुदाल से वार कर दिया। जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। पूरे परिवार के साथ आरोपी फरार अरेराज एसडीपीओ रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। हत्या के बाद से आरोपी मसऊर अपने पूरे परिवार के साथ फरार है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।